झारखंड बंद
Share This Post

झारखंड में सक्रिय शीर्ष उग्रवादी संगठन भाकपा माओवादी ने 22 जनवरी को झारखंड बंद की घोषणा की है। मिली जानकारी के मुताबिक भाकपा माओवादी के रीजनल कमिटी मेंबर कृष्णा हांसदा की गिरफ्तारी के विरोध में झारखंड बंद बुलाया गया है। गौरतलब है कि भाकपा माओवादी झारखंड रीजनल कमिटी के प्रवक्ता आजाद ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह घोषणा की है।

13 जनवरी को भाकपा माओवादी के रीजनल कमिटी मेंबर कृष्णा हांसदा

गौरतलब है कि 13 जनवरी को भाकपा माओवादी के रीजनल कमिटी मेंबर कृष्णा हांसदा को पुलिस ने गिरिडीह जिला के डुमरी थानाक्षेत्र अंतर्गत फतेहपुर से गिरफ्तार किया था। कृष्णा हांसदा पर पुलिस ने 15 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस ने कृष्णा हांसदा के पास से 2 लाख रुपये कैश भी बरामद किए। उसकी निशानदेही पर पारसनाथ इलाके में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। बता दें कि नक्सली कृष्णा हांसदा झारखंड-बिहार के सीमावर्ती इलाकों में काफी सक्रिय था।

22 जनवरी को 24 घंटे का झारखंड बंद बुलाया

भाकपा माओवादी के रीजनल कमिटी प्रवक्ता आजाद ने प्रेस बयान जारी कर कहा है कि कृष्णा हांसदा और रेणुका मुर्मू की गिरफ्तारी के विरोध में 22 जनवरी को 24 घंटे का झारखंड बंद बुलाया जाता है। इस दौरान एंबुलेंस, दूध, पानी, न्यूजपेपर, मेडिकल और अस्पताल की सेवाएं मुक्त रखी जाएंगी। नक्सलियों द्वारा बुलाए गए भारत बंद को लेकर पुलिस प्रशासन हाईअलर्ट पर है। कहा जा रहा है कि हाल के दिनों में सुरक्षाबलों की कार्रवाई से नक्सलियों की कमर टूट गई है। वे बौखलाहट में ऐसा कदम उठा रहे हैं।

झारखंड में इन दिनों नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है

झारखंड में इन दिनों नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पिछले साल ऑपरेशन ऑक्टोपस के तहत झारखंड-छत्तीसगढ़ सीमा पर स्थित बूढ़ा पहाड़ को नक्सलियों से मुक्त कराया गया। इस वर्ष पहले तो साल की शुरुआत में भाकपा माओवादी के रीजनल कमांडर अमन गंझू ने आत्मसमर्पण किया। इसके बाद भाकपा माओवादी संगठन के कुख्यात नक्सली मिहिर बेसरा दस्ते के 3 महिला सहित 8 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया।
चाईबासा के कोल्हान जंगलों में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। बीते दिनों यहां लगातार दो दिनों तक हुए आईईडी ब्लास्ट में 9 जवान घायल हो गए थे। झारखंड में नक्सलियों के खिलाफ चौतरफा कार्रवाई जारी है।

50 से अधिक मामलों में वांछित नक्सली कृष्णा हांसदा को गिरफ्तार कर लिया

झारखंड में गिरिडीह जिले की पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने छापेमारी कर 50 से अधिक मामलों में वांछित नक्सली कृष्णा हांसदा को गिरफ्तार कर लिया। गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने मंगलवार को बताया कि 16 जनवरी को अर्द्धसैनिक बलों और गिरिडीह जिले की डुमरी, निमियाघाट, पीरटांड़ और मधुवन थाने की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर इनामी नक्सली कृष्णा को लुटियो जंगल में छापामारी कर गिरफ्तार कर लिया। वह क्षेत्र में लेवी की राशि वसूलने के लिए आया था।

दो लाख रुपये लेवी की राशि और एक पिस्तौल बरामद हुई

अधिकारी ने बताया कि कृष्णा के पास से दो लाख रुपये लेवी की राशि और एक पिस्तौल बरामद हुई है। इस नक्सली पर गिरिडीह, धनबाद और बोकारो जिले में हत्या और विस्फोट के 52 मामले दर्ज हैं। इसकी गिरफ्तारी के बाद उससे मिली सूचनाओं के आधार पर आधा दर्जन स्थानों पर छापेमारी की गई है। इस दौरान बड़ी संख्या में नक्सली साहित्य और दूसरे सामान जब्त किये गए हैं।

इसे भी पढ़ें : झारखंड के वन विभाग ने जान लेने वाले तेंदुए को मारने की सशर्त अनुमति दी

YOUTUBE

By JharExpress

JharExpress is hindi news channel of politics, education, sports, entertainment and many more. It covers live breaking news in India and World

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *